हरिद्वार, 9 जून – जिला पूर्ति अधिकारी ने अवगत कराया है कि उत्तराखण्ड राज्य में उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे कुछ जनपदों में ऐसे परिवार निवासरत पाए गए हैं, जो उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखण्ड दोनों राज्यों से राशन कार्ड के माध्यम से गैस कनेक्शन एवं आयुष्मान जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का अनुचित लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी ने अवगत कराया है कि उक्त के दृष्टिगत शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में टीमों का गठन करते हुए, जनपद में प्रचलित राशन कार्डों का विशेष सत्यापन अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत 25 अप्रैल से 8 जून 2026 तक कुल 20,861 राशन कार्डों का सत्यापन किया गया। सत्यापन के दौरान आर्थिक रूप से सक्षम, अपात्र, मृतक एवं बाहर निवासरत व्यक्तियों के मामलों में कार्रवाई करते हुए 462 राशन कार्ड एवं 2202 यूनिट निरस्त की गई हैं। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद में यह सत्यापन अभियान निरंतर जारी रहेगा।
