हरिद्वार, 20 जून – हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह की अध्यक्षता में अपराध गोष्टी का आयोजन किया गया। इस दौरान एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह एवं एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल सहित जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, कोतवाली/थाना प्रभारी मौजूदग रहे।

माह मई में घटित अपराधों एवं उनके खुलासे की समीक्षा सहित लंबित विवेचनाओं, गंभीर अपराध, जारी चारधाम यात्रा, पुलिस के निर्माणाधीन भवनों के निर्माण कार्य, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए नवनीत सिंह द्वारा पुलिस अधिकारियों को निम्नलिखित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए-

कैरियर बनाने की उम्र में ये जो 20-22 साल के लड़के पिल्ला गैंग बनाकर उत्पात मचा रहे हैं इन पर सभी थाना प्रभारी फोकस करें और इन्हे सही रास्ते पर लाने का प्रयास करें।

अवैध अस्लाह लेकर सोशल मीडिया पर रीलबाजी कर रहे तत्वों को भी चिन्हित कर इनसे सख्ती से निपटा जाए ताकी समाज की आबोहवा खराब न हो।

कांवड़ यात्रा की तैयारियों को भी समय से पूरा किया जाए। जरूरी निर्माण/ मरम्मत कार्यों, जरूरी उपकरण/सामान के लिए समय से पत्राचार करें।

मुख्यालय स्तर से चलाए जा रहे अभियानों में हरिद्वार का प्रदर्शन अच्छा है। मैं आप सभी से और अधिक सक्रियता दिखाने की उम्मीद करुंगा।

बच्चा चोरी के तीनों मामले (कनखल, कलियर, सिटी हरिद्वार) बेहद गंभीर थे। तीनों मामलों में बच्चों की सकुशल रिकवरी में जवानों की मेहनत काबिलेतारीफ है।

सोमवती स्नान पर्व जैसे बड़े स्नान में सभी साथियों ने कंधे से कंधा मिलाकर अपना सहयोग दिया। स्नान सकुशल सम्पन्न कराने पर पुलिस मुख्यालय स्तर से भी आप सभी की प्रशंसा की गई है।

सभी प्रभारी सुनिश्चित करें कि डायल-112 से प्राप्त होने वाली शिकायतों का मौके पर जाकर ही निस्तारण किया जाए ताकी समस्या/झगड़ा/तनाव मौके पर ही खत्म किया जा सके।

ऑनलाइन प्राप्त होने वाले शिकायतें/सूचनाओं को सभी गंभीरता से लें। ये ध्यान रहें कि आजकल के दौर में एक हल्की सी गड़बड़ी हालात बिगाड़ने वाली बड़ी मुसिबत का सबब बन सकती है।

भारी गर्मी के बीच सभी फायर स्टेशन अलर्ट मोड़ पर रहें। क्विक रिएक्शन ही ऐसी घटनाओं में नुकसान को कम कर सकता है।

महिला संबंधी अपराधों की सूचनाओं में प्रभारी ये सुनिश्चित करें पीडिता से मुलाकात कर मामले की पूरी जानकारी की जाए और पीड़ित की मदद की जाए।

स्कूलों के खुलने और छुट्टियों के वक्त चेतक कर्मी प्रवेश/ निकासी द्वार के आसपास अपनी मौजूदगी बनाए रखें ताकी आपराधिक तत्वों में पुलिस का खौफ बना रहे तथा छात्र-छात्राओं से छेड़छाड़ की घटनाएं रुकें।

क्षेत्र में पड़ने वाले बैंकों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सर्राफा बाजार में प्रतिदिन औचक दौरा करें ताकी संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल की जा सके।

इंतजार करने के बजाए अपराध होने से रोकना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।

लंबित मुकदमों का गुण-दोष के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए।

सत्यापन अभियान को जारी रखें और शाम के वक्त फोर्स को साथ लेकर स्वयं थाना प्रभारी थाना क्षेत्र में निरंतर चैकिंग कराना भी सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *