हरिद्वार, 26 जून – पिछड़ा वर्ग संयुक्त मोर्चा ने राजनीतिक भागीदारी और ओबीसी आरक्षण बढ़ाने की मांग की है। प्रैस क्लब में आयोजित प्रैसवार्ता के दौरान पिछड़ा वर्ग संयुक्त मोर्चा में शामिल संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा आगामी 5 जुलाई को ज्वालापुर स्थित शुभारंभ बैंक्वेट हॉल में ओबीसी महापंचायत एवं जनसभा में राजनीतिक भागदारी और आरक्षण सहित तमाम मुद्दों पर चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

धर्मपाल ठेकेदार ने कहा कि हरिद्वार जिले में ओबीसी समाज की आबादी लगभग 50 प्रतिशत होने के बावजूद समाज को उसकी जनसंख्या के अनुरूप राजनीतिक भागीदारी और प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है। जिले की अधिकांश विधानसभा सीटों पर ओबीसी समाज चुनाव परिणामों को प्रभावित करने की क्षमता रखता है, लेकिन राजनीतिक दल टिकट वितरण में समाज की लगातार उपेक्षा कर रहे हैं। संजय सैनी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में समाज के योग्य प्रत्याशियों को टिकट दिया जाए। विजयपाल सिंह ने कहा कि यदि समाज की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो हरिद्वार से लेकर दिल्ली तक व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा। विनोद मलिक ने कहा कि ओबीसी समाज अपने संवैधानिक अधिकारों, सामाजिक सम्मान और राजनीतिक हिस्सेदारी के लिए संगठित होकर संघर्ष करेगा।

प्रैसवार्ता में एडवोकेट रविंद्र कश्यप, मदनपाल गुर्जर, सुधीर ठेकेदार, डा. प्रेमप्रकाश सतलेवाल, विजय प्रजापति, जेपी चाहर, जितेंद्र चौधरी सहित ओबीसी समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *