हरिद्वार, 22 जुलाई – दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हरिद्वार में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पहले चंद्राचार्य चौक पर इकट्ठा हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद प्रदर्शनकारी अचानक कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के कार्यालय का घेराव करने पहुंच गए। इस दौरान कार्यालय के बाहर खन्ना नगर की गली में तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिससे पुलिसकर्मियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का मुक्की की स्थिति बन गई। कुछ देर तक मौके पर तनाव का माहौल रहा। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर शांत कराया और स्थिति पर नियंत्रण पाया।

प्रदेश महासचिव महेश प्रताप राणा ने कहा कि दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज और राहुल गांधी को हिरासत में लेना लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है। केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी। लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराना हर नागरिक का अधिकार है और सरकार को दमनकारी रवैया छोड़ना चाहिए। जिस तरह से भाजपा जनता के साथ धोखा कर रही है, कांग्रेस उसे बर्दाश्त नहीं करेगी। दिल्ली में छात्रों के साथ लाठीचार्ज करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाय और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा हो।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि भाजपा सरकार के राज में पेपर लीक हो रहे है और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उनके नेता राहुल गांधी को जबरन पुलिस ने गिरफ्तार किया जिसे बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हरिद्वार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन पूरी तरह लोकतांत्रिक था, अभी तो यह सांकेतिक प्रदर्शन किया गया है। पुलिस के माध्यम से हमें रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन हम शांतिपूर्ण ढंग से अपना विरोध दर्ज कराने पहुंचे। राहुल गांधी की हिरासत और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। यदि उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो आने वाले समय में भाजपा के सभी मंत्रियों के कार्यालयों का घेराव किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *