हरिद्वार, 1 अक्टूबर – समाज में वृद्धजनों के सम्मान, उनके योगदान की सराहना तथा उनके साथ होने वाले दुर्व्यवहार, उपेक्षा एवं भेदभाव की रोकथाम और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 01 अक्टूबर 2026 को विकासखण्ड बहादराबाद के खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय सभागार में समाज कल्याण विभाग एवं जिला प्रशासन के सहयोग से अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आदेश चौहान ने वृद्धजनों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय समाज में वृद्धजनों को ज्ञान एवं परंपरा का संरक्षक माना गया है। उन्होंने कहा कि वृद्धजन अपने जीवन के लंबे अनुभव, ज्ञान एवं मार्गदर्शन के माध्यम से समाज में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने युवा पीढ़ी से बुजुर्गों का सम्मान करने, उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुनने तथा दैनिक कार्यों में सहयोग करते हुए उनका निरंतर मार्गदर्शन प्राप्त करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में वृद्धजनों से संबंधित जनपद के लगभग 18 संगठनों एवं उनके सदस्यों ने प्रतिभाग किया। सामाजिक कार्यों में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 14 संगठनों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान समाज कल्याण विभाग के अधीन संचालित राजकीय सुरेन्द्र राकेश आदर्श आवासीय विद्यालय, मक्खनपुर, भगवानपुर के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विकासखण्ड परिसर में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें वृद्धजनों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्यमंत्री आदेश सैनी, उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग की प्रथम अध्यक्ष संतोष चौहान, ब्लॉक प्रमुख बहादराबाद आशा नेगी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुबोध कुमार शर्मा तथा खण्ड विकास अधिकारी मानस मित्तल सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *