हरिद्वार, 20 नवंबर – अखिल विश्व गायत्री परिवार की संस्थापिका माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी और अखंड दीप प्रज्वलन के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शांतिकुंज और देव संस्कृति विश्वविद्यालय परिसर में दो दिवसीय शताब्दी समारोह का आयोजन होने जा रहा है। 21 और 22 नवंबर को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। समारोह में देशभर के विभिन्न राज्यों से करीब 24 हजार साधक गायत्री परिवार के कार्यकर्ता शामिल होंगे।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव समेत कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। यह जानकारी देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पंड्या ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में दी।
डॉ. चिन्मय पंड्या ने बताया कि यह आयोजन माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी वर्ष के दूसरे चरण के तहत किया जा रहा है। इससे पहले जन्मशताब्दी समारोह का आयोजन दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में किया गया था, जिसमें 20 हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया था। उस समारोह में माता भगवती देवी शर्मा की स्मृति में डाक टिकट का अनावरण भी किया गया था। शांतिकुंज की जन्मशताब्दी यात्रा वर्षभर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि 21 नवंबर को समारोह के प्रथम सत्र में उत्तराखंड सरकार की ओर से डाक टिकट जारी किया जाएगा।
