हरिद्वार, 9 अक्टूबर – उत्तराखण्ड शासन के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आज नगर पालिका परिषद मंगलौर में सेवा संकल्प अभियान के तहत “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” बहुद्देशीय शिविर कार्यक्रम का आयोजन राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।
शिविर को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ अपने क्षेत्र में ही मिल सके। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उनकी समस्याओं के समाधान और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का प्रभावी प्रयास किया जा रहा है।
राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त जनसमस्याओं एवं आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए उनका निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। इसके लिए अधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्य करें, ताकि आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने कहा कि ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों की समस्याओं का नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाएगा। साथ ही, शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा तथा जनसमस्याओं के समाधान और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों के आवेदन प्राप्त किए गए। शिविर में 520 नागरिकों ने प्रतिभाग कर इसका लाभ उठाया। इस दौरान कुल 17 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसमें से 14 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गए,शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित किया गया। साथ ही 09 लोगो को विभिन्न प्रकार के प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा 210 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए,जिसमें सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र व्यक्तियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रुड़की डॉ मधु सिंह, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मंगलौर मोहयुद्दीन, मंडल अध्यक्ष शोभित गुप्ता, सभासद कलीम, विपिन जैन, सहसंयोजक जमीर हसन अंसारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका उत्तम सिंह नेगी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिधि एवं क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।
