हरिद्वार, 9 अक्टूबर, राज्य निर्वाचन आयुक्त उत्तराखण्ड के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला योजना समिति) मयूर दीक्षित ने जनपद हरिद्वार में जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन के लिए निर्वाचन कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। निर्वाचन के अंतर्गत नगर निगम, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के निर्वाचित सभासदों/सदस्यों में से कुल 13 सदस्यों का निर्वाचन किया जाना है। इसके लिए पांच प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नाम निर्देशन-पत्र 10 अक्टूबर 2026 से 12 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 03:00 बजे तक जिलाधिकारी हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित न्यायालय कक्ष से प्राप्त किए जा सकेंगे। नाम निर्देशन-पत्रों को 12 अक्टूबर 2026 को अपराह्न 04:00 बजे तक जिलाधिकारी कार्यालय, कलेक्ट्रेट रोशनाबाद में जमा किया जाएगा। नाम निर्देशन-पत्रों की जांच 13 अक्टूबर 2026 को पूर्वाह्न 10:00 बजे से कार्य की समाप्ति तक जिलाधिकारी कार्यालय, कलेक्ट्रेट रोशनाबाद के कक्ष संख्या 356, 359, 343, 324 एवं 321 में की जाएगी। यदि कोई उम्मीदवार अपनी उम्मीदवारी वापस लेना चाहता है, तो वह 14 अक्टूबर 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक स्वयं उपस्थित होकर नाम वापस ले सकता है।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, मतदान की आवश्यकता होने पर 16 अक्टूबर 2026 को पूर्वाह्न 08:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान संबंधित प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रवार जिलाधिकारी कार्यालय, कलेक्ट्रेट रोशनाबाद, हरिद्वार के कक्ष संख्या 356, 359, 343, 324 एवं 321 में संपन्न होगा। मतदान के उपरांत उसी दिन अपराह्न 03:00 बजे से मतगणना प्रारंभ की जाएगी।
प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रवार निर्वाचित होने वाले सदस्यों का विवरण
प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र – नगर निगम हरिद्वार
- सम्मिलित नगर निकाय: नगर निगम हरिद्वार एवं नगर पालिका परिषद शिवालिकनगर।
- निर्वाचित होने वाले सदस्यों की संख्या: 05।
प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र – नगर निगम रुड़की
- सम्मिलित नगर निकाय: नगर निगम रुड़की, नगर पालिका परिषद पाडली गुज्जर, नगर पंचायत रामपुर एवं नगर पंचायत ढंडेरा।
- निर्वाचित होने वाले सदस्यों की संख्या: 05।
प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र – नगर पंचायत मंगलौर
- सम्मिलित नगर निकाय: नगर पंचायत मंगलौर एवं नगर पंचायत झबरेड़ा।
- निर्वाचित होने वाले सदस्यों की संख्या: 01।
प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र – नगर पंचायत लक्सर
- सम्मिलित नगर निकाय: नगर पंचायत लक्सर, नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर एवं नगर पंचायत लव्वा/लव्वारा।
- निर्वाचित होने वाले सदस्यों की संख्या: 01।
प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र – नगर पंचायत पिरान कलियर
- सम्मिलित नगर निकाय: नगर पंचायत पिरान कलियर, नगर पंचायत भगवानपुर एवं नगर पंचायत इमलीखेड़ा।
- निर्वाचित होने वाले सदस्यों की संख्या: 01
इस प्रकार, जिला योजना समिति के लिए कुल 13 सदस्यों का निर्वाचन किया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, सभी संबंधित नगर निकायों के अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी सूचना नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित करने तथा संबंधित निर्वाचित सभासदों/सदस्यों तक इसकी जानकारी पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारु संचालन के लिए कलेक्ट्रेट रोशनाबाद स्थित निर्धारित कक्षों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा सभी संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।
