हरिद्वार, 21 अक्टूबर – प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत जनपद हरिद्वार में खरीफ 2026-27 के दौरान धान की उत्पादकता एवं उपज का अनुमान लगाने के लिए न्याय पंचायतवार चयनित ग्रामों में नामित निरीक्षण अधिकारियों द्वारा क्रॉप कटिंग प्रयोगों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र द्वारा तहसील हरिद्वार के ग्राम कुतुबपुर में काश्तकार श्री रमेश सिंह सैनी के खेत संख्या 55/2 में धान की फसल पर रैंडम पद्धति से आयोजित क्रॉप कटिंग प्रयोग का निरीक्षण किया गया तथा उन्होंने धान की कटाई भी की।
निरीक्षण के दौरान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फसल की कटाई की गई, जिसमें 12.700 किलोग्राम धान की उपज प्राप्त हुई। क्रॉप कटिंग प्रयोगों के माध्यम से फसलों की वास्तविक उत्पादकता का आकलन किया जाता है, जिससे प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसल उपज के सटीक आंकड़े संकलित करने में सहायता मिलती है।
इस अवसर पर अपर सांख्यिकी अधिकारी उत्तम सिंह, मीना नेगी, राजस्व निरीक्षक अजय कपिल, राजस्व उप निरीक्षक मोनू, ग्राम प्रधान सहित संबंधित अधिकारी एवं अन्य उपस्थित रहे।
