हरिद्वार, 24 अक्टूबर – दिल्ली पब्लिक स्कूल, दौलतपुर, हरिद्वार में शनिवार को विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नवाचार एवं उद्यमशीलता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से ‘स्टार्टअप मेले’ का आयोजन किया गया। मेले में विद्यार्थियों ने विभिन्न स्टॉल लगाकर अपने नवीन विचारों, उत्पादों और आकर्षक मॉडलों का प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने उत्पादों की विशेषताओं, उपयोगिता एवं विपणन की रणनीतियों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यवसाय की मूलभूत जानकारी, आर्थिक प्रबंधन, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता एवं संचार कौशल विकसित करने का अवसर मिला। शिक्षकों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का मूल्यांकन गुरुकुल कांगड़ी (समविश्वविद्यालय), हरिद्वार की प्रो. निधि हांडा, रोटरी क्लब के अध्यक्ष नीलमाधव साहू, उपाध्यक्ष गंगाधर नायक, रोटेरियन बी. एम. गुप्ता एवं पारिधि गोयल द्वारा किया गया। सभी सम्मानित निर्णायकों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता एवं नवाचार की सराहना की तथा उन्हें अपने विचारों को और अधिक विकसित करने एवं वास्तविक व्यावसायिक अवसरों की संभावनाओं को तलाशने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम श्रीवास्तव एवं प्रो-वाइस चेयरमैन विकास गोयल ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों के नवीन विचारों एवं उत्साहपूर्ण प्रयासों की सराहना करते हुए उनमें उद्यमशील सोच विकसित करने और भविष्य में अपने विचारों को सफल व्यावसायिक उपक्रमों में बदलने के लिए प्रेरित किया।
स्टार्टअप मेला विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक अनुभव साबित हुआ। इस आयोजन ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने, नए विचारों को व्यावहारिक रूप देने तथा भविष्य में सफल उद्यमी बनने की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
