हरिद्वार, 7 नवम्बर – सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने अवगत कराया कि त्योहारी अवधि में यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने तथा निर्धारित दर से अधिक किराया वसूली रोकने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में इंटरसेप्टर प्रभारी वरुणा सैनी द्वारा अभियान संचालित किया गया।

अभियान के दौरान विशेष रूप से ऑटो, विक्रम एवं ई-रिक्शा सहित यात्री वाहनों की जांच की गई। ओवरलोडिंग, निर्धारित दर से अधिक किराया वसूली, परमिट शर्तों के उल्लंघन एवं अन्य अभियोगों में कुल 45 चालान किए गए। चेकिंग के साथ वाहन चालकों की काउंसलिंग भी की गई। उन्हें स्पष्ट रूप से सचेत किया गया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती आवाजाही का लाभ उठाकर अधिक किराया न वसूलें तथा निर्धारित यात्री क्षमता और परमिट शर्तों का पालन करें। चालकों को यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार करने और सुरक्षित ढंग से वाहन संचालित करने के लिए भी जागरूक किया गया।

परिवहन विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि अधिक किराया मांगे जाने की स्थिति में वाहन का पंजीकरण नंबर तथा यात्रा का विवरण सुरक्षित रखते हुए विभाग को शिकायत दें, ताकि प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *