हरिद्वार, 20 नवंबर – विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ पार्टी हरिद्वार से चुनावी रणनीति का आगाज करेगी। 21 और 22 नवंबर को हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति आयोजित होगी। इन दो दिनों में करीब 1800 नेता और पदाधिकारी शामिल होंगे।
कार्यसमिति में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश प्रभारी राम माधव, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे।
बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर मंथन होगा। भाजपा का फोकस आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने और संगठन को चुनावी मोड में लाने पर रहेगा।
शुक्रवार को पार्टी कुंदन परिहार, महामंत्री संगठन और कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कार्यक्रम स्थल प्रेम नगर आश्रम में पत्रकार वार्ता कर कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी।
