गोपाल रावत
हरिद्वार, 20 नवंबर – सनातन परंपरा का सबसे बड़ा पर्व हरिद्वार अर्धकुंभ-2027 अपने पहले औपचारिक चरण में प्रवेश करने जा रहा है। 21 नवंबर को श्री पंच दश नाम जूना अखाड़े के रमता पंचों की जमात गोधूलि बेला में नगर प्रवेश करेगी। इसी के साथ कुंभ की आध्यात्मिक गतिविधियों का शुभारंभ माना जाएगा।
जूना अखाड़ा देश का सबसे बड़ा और प्राचीन शैव अखाड़ा है। इसकी परंपरा आदि शंकराचार्य द्वारा स्थापित सनातन धर्म की रक्षा की सन्यासी परंपरा से जुड़ी मानी जाती है। कुंभ में जूना अखाड़े के नागा संन्यासियों की पेशवाई और अमृत स्नान सबसे बड़े आकर्षणों में होते हैं।
अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक श्री महंत हरि गिरि महाराज के अनुसार, पूर्व निर्धारित शुभ मुहूर्त में जमात का चंडी घाट चौक पर नागा संन्यासियों, श्रद्धालुओं और प्रशासन द्वारा स्वागत किया जाएगा। जमात कुंभ के सकुशल व निर्विघ्न संपन्न होने की कामना के साथ उत्तराखंड के प्रमुख तीर्थों, चारों धाम, मां नंदा देवी, ओम पर्वत, आदि कैलाश, मां पूर्णागिरि की पूजा-अर्चना करेगी। इसके बाद हरिद्वार के पौराणिक तीर्थों हर की पैड़ी में मां गंगा, दक्षेश्वर महादेव, नगर की अधिष्ठात्री देवी माया देवी, बिल्वकेश्वर महादेव, गौरी शंकर महादेव और नीलेश्वर महादेव की पूजा होगी। अंत में ज्वालापुर स्थित पांडे वाला में माता ज्वाला देवी के दर्शन कर जमात वहीं शिविर स्थापित करेगी।
श्री महंत हरि गिरि महाराज ने बताया कि पांडे वाला में रुकना सनातन परंपरा है। प्राचीन काल में मायापुरी हरिद्वार में रात्रि विश्राम निषेध माना जाता था, इसलिए यात्री और नागरिक ज्वाला देवी के नाम पर बसे ज्वालापुर में ही विश्राम करते थे। इसी परंपरा का निर्वाह अखाड़ा आज भी करता है। उनके अनुसार पांडे वाला का प्राचीन नाम पांडव वाला था, जहां पांडवों ने अंतिम हिमालय यात्रा के दौरान विश्राम कर मां ज्वाला देवी की पूजा की थी और फिर हिमालय की ओर प्रस्थान किया था।
श्री महंत हरि गिरि महाराज ने बताया अखाड़े द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को रमता पंचों की जमात का नगर प्रवेश,
1 दिसंबर 2026: भैरव अष्टमी पर अभिजीत मुहूर्त में भूमि पूजन, 23 दिसंबर 2026 भगवान दत्तात्रेय जयंती पर शुभ मुहूर्त में धर्म ध्वज स्थापना की जाएगी। इसी के साथ धार्मिक दृष्टि से कुंभ का विधिवत शुभारंभ माना जाएगा।
14 जनवरी 2027 उत्तरायण / मकर संक्रांति पर भव्य पेशवाई निकाली जाएगी।
मेला प्रशासन के अनुसार हरिद्वार अर्धकुंभ-2027 का मुख्य मेला 14 जनवरी से 20 अप्रैल 2027 तक चलेगा, जिसमें 10 प्रमुख स्नान होंगे।
तीन अमृत स्नान (पहले शाही स्नान कहा जाता था) इस प्रकार हैं।
6 मार्च 2027 — महाशिवरात्रि पहला अमृत स्नान, 8 मार्च 2027 — सोमवती / फाल्गुन अमावस्या: दूसरा अमृत स्नान
14 अप्रैल 2027 — मेष संक्रांति / बैसाखी: तीसरा अमृत स्नान होगा।
रमता पंच अखाड़े की चलायमान पंचायत होती है, जो कुंभ से पहले नगर में आकर छावनी, धर्म ध्वजा और पेशवाई की तैयारियों का मार्ग प्रशस्त करती है। इसके बाद ही अखाड़ा पूरी तरह कुंभ नगरी में स्थापित होता है। इसलिए 21 नवंबर का नगर प्रवेश केवल एक शोभायात्रा नहीं, बल्कि अर्धकुंभ-2027 की आध्यात्मिक यात्रा की शुरुआत है।
