हरिद्वार – धर्मनगरी हरिद्वार में कुंभ मेले की तैयारी जोरों पर है। हरिद्वार के तमाम गंगा घाट समेत अखाड़े और मठ मंदिरों में भी निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। कुंभ मेला प्रशासन की टीम निर्माण कार्यों का जायजा लेने के लिए जूना अखाड़े पहुंची। प्रशासन की टीम में उप मेलाधिकारी अंशुल सिंह, अपर मेलाधिकारी हरवीर सिंह भी मौजूद रहे।
इस दौरान जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक व अखाड़ा परिषद के महामंत्री हरि गिरि महाराज ने प्रशासन की टीम को अखाड़े में होने वाली सभी व्यवस्थाओं से अवगत कराया गया है। हरि गिरि महाराज ने कहा कि कुंभ मेले की तैयारी के लिए राज्य सरकार बेहद गंभीर है। मेले की तैयारियों पर सरकार जो भी निर्णय लेगी जूना अखाड़ा उन निर्णय को स्वीकार करेगा। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि इसके पीछे सबसे बड़ा कारण कोरोना है, क्योंकि करोना यू-टर्न भी ले सकता है इसलिए सरकार की तैयारियों से वे पूरी तरह संतुष्ट है।
वहीं उप मेला अधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि जूना अखाड़े में 5 से 6 हजार साधु संत कुंभ मेले के दौरान आने की संभावना है। इन श्रद्धालुओं की व्यवस्था के लिए आज निरीक्षण किया गया है। समय रहते अखाड़े में बिजली, पानी, सड़क, शौचालय समेत सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।

