हरिद्वार – हरिद्वार के बहादराबाद में नवनिर्मित टोल प्लाजा के स्टोर रूम से एक कोबरा सांप निकलने से हड़कंप मच गया। कोबरा सांप देख टोल प्लाजा कार्यालय पर प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों में भगदड़ मच गई। वही भगदड़ के तुरंत बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया और मौके पर मौजद पुलिसकर्मियों ने जैसे तैसे हालात पर काबू पाया।
मामला हरिद्वार के बहादराबाद स्थित टोल प्लाजा का है। जहाँ नवनिर्मित टोल प्लाजा पर उस वक्त भगदड़ मच गई जब टोल निर्माण कार्य के लिए रखे गए सामान के स्टोर में तकरीबन 2 मीटर लम्बा कोबरा प्रजाति का सांप अचानक से बाहर निकल आया। इसी टोल प्लाजा बहादराबाद पर पिछले 3 दिनों से कॉमर्शियल वाहन स्वामियों ने अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन जमा रखा है जिसके चलते सैकड़ों वाहन स्वामियों के साथ पुलिस प्रशासन भी मौके पर मौजूद है। धरना दे रहे वाहन स्वामियों की भीड़ में अचानक मचे भगदड़ के चलते मामला समझ में न आता देख पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। लेकिन जब मामला समझ में आया तब जाकर माहौल शांत हुआ। मौके पर मौजूद एक युवा अंकुश चौधरी ने हिम्मत और साहस दिखाते हुए 2 मीटर लंबे कोबरा प्रजाति के सांप को अपनी सूझबूझ और समझदारी से बिना कुछ नुकसान पहुंचाए सुरक्षित पकड़ लिया। अंकुश चौधरी ने बताया कि, पिछले 3 दिनों से वन विभाग को इसकी सूचना दी हुई है लेकिन वन विभाग ने इस मामले का कोई संज्ञान नहीं लिया। उनके द्वारा साँप को सुरक्षित पकड़ लिया गया है। अगर वन विभाग के कर्मचारी आते हैं तो ठीक, नहीं तो वो स्वयं जंगल में जाकर किसी सुरक्षित स्थान पर इसको छोड़ देंगे। अगर प्रत्यक्षदर्शियों की बात माने तो कहीं ना कहीं वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़ा होता नजर आ रहा है। आखिर 3 दिन बीत जाने के बाद भी वन विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। अगर इस बीच कोई अनहोनी हो जाती तो इसका जिम्मेदार कौन होता। वन विभाग की लापरवाही से किसी की जान भी जा सकती थी। वो भला हो उस युवक का जिसने बहादुरी का परिचय देते हुए समय पर कोबरा सांप को पकड़ लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *