हरिद्वार – गर्मियों के मौसम आते ही जंगल मे आग लगने का सिलसिला शुरू हो जाता है। जंगल की आग से वन संपदा के साथ ही पर्यावरण को भी बड़ा नुकसान होता है। जंगल में आग की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पार्क प्रशासन ने विलेज प्रोटेक्शन फ़ोर्स का गठन किया है। इस फ़ोर्स में जंगल से सटे गाँवो के लगभग 200 युवाओं को जोड़ा गया है। राजाजी टाइगर रिजर्व की रवासन रेंज से सटे रसूलपुर और मीठीबेरी गाँव के युवाओं को सुरक्षा किट प्रदान की गई। रवासन रेंज में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय बीजेपी विधायक स्वामी यतीश्वरानंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान राजाजी टाइगर रिजर्व के वन्य जीव प्रतिपालक ललित प्रसाद टम्टा ने बताया कि 15 फरवरी से फायर सीजन शुरू हो जाता है। गर्मी के मौसम में जंगल मे आग लगने के मामले बढ़ जाते है इसलिए उनके द्वारा पहले से ही आग को बुझाने की तैयारी की जाती है। इसलिए राजाजी टाइगर रिजर्व में 200 ग्रामीण युवाओ को विलेज प्रोटेक्शन फ़ोर्स से जोड़ा गया है। इन सभी ग्रामीणों को आग बुझाने की विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। इन्हें दी गई सुरक्षा किट में आग बुझाने का सामान दिया गया है। आवश्यकता पड़ने पर ये ग्रामीण आग बुझाने में वनकर्मियों की मदद करेंगे।
वही स्थानीय बीजेपी विधायक स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि राजाजी प्रशासन द्वारा विलेज प्रोटेक्शन फ़ोर्स का गठन किया जाना सराहनीय कदम है। उनके इस कदम में जंगल और पर्यावरण सरंक्षण में मदद मिलेगी। वही उन्होंने ये भी बताया कि अभी फिलहाल इस फ़ोर्स में शामिल ग्रामीणों को कोई मानदेय तय नही किया जाएगा लेकिन वो प्रयास करेंगे कि इन्हें भी उचित मानदेय दिया जाए और इसके लिए वो उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से बात करेंगे।

