हरिद्वार – प्रशासन की टीम ने लक्सर क्षेत्र में छापेमारी कर 5 स्टोन क्रेशरों को सीज किया है। पांचों स्टोन क्रेशरों पर अवैध खनन सामग्री मिली है। लक्सर के एसडीएम गोपाल राम बिनवाल के नेतृत्व में खनन विभाग और राजस्व विभाग की टीम द्वारा बीती शाम छापेमारी की कार्रवाई की गई।

दरअसल लक्सर क्षेत्र में बाणगंगा और गंगा नदी से सटे इलाकों में रात के समय अवैध खनन होने की शिकायतें लगातार मिल रही थी। शिकायतों का संज्ञान लेकर एसडीएम गोपाल राम बिनवाल ने खनन विभाग और राजस्व विभाग की टीम के साथ महतोली क्षेत्र में संचालित पांच स्टोन क्रेशरो पर छापेमारी की। इस दौरान वहां क्षमता से अधिक खनन सामग्री पाए जाने पर तुरंत ही पांचों स्टोन क्रेशरो को सीज कर दिया गया।

एसडीएम गोपाल राम बिनवाल ने बताया कि क्षमता से अधिक खनन सामग्री पाए जाने पर पांचों क्रेशर सीज किए गए है। स्टोन क्रेशर पर इतनी भारी मात्रा में खनन सामग्री कहां से आई इसकी विधिवत जांच कराई जाएगी। जल्द ही जांच रिपोर्ट बनाकर हरिद्वार जिलाधिकारी को भेजेंगे। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान कई खेतों में खनन सामग्री उठाने का मामला भी सामने आया। बिना अनुमति के अवैध खनन किया गया है और ऐसे खेत स्वामियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *