हरिद्वार, 21 अक्टूबर – कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक ने कहा, अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए पार्टी सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन करेगी। जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक विरोध जारी रहेगा।
रागिनी नायक ने प्रेस वार्ता करके अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के बजाय मामले से जुड़े लोगों को बचाने का काम कर रही है। सरकार पर संवेदनहीन होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी मामले से संदिग्ध भाजपा नेता को संवैधानिक पद पर बैठाया गया।
रागिनी नायक ने अंकिता भंडारी मामले में चल रही सीबीआई जांच पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने राष्ट्रपति को इस संबंध में चिट्ठी भी लिखी है। इस मामले में न्याय दिलाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी समेत सभी नेता इसके लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में रागिनी नायक ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर भी भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर वोट चोरी की जा रही है। कांग्रेस इस मुद्दे पर जनता को जागरूक करेगी और लोगों के मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए आवाज उठाएगी। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को खत्म करने का काम किया जा रहा है। लेकिन कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी अन्याय के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
