हरिद्वार – सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हरिद्वार जिला प्रशासन द्वारा बैरागी कैंप में अवैध तरीके से किए गए बैरागी अखाड़ों के निर्माण पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई तेज कर दी है। सप्ताह भर पहले प्रशासन द्वारा बैरागी अखाड़े में अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई थी तो बैरागी संतो ने पुरजोर तरीके से इसका विरोध किया था मगर सोमवार प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई में बैरागी अखाड़ों के साधु संत शांत नजर आए। प्रशासन ने बैरागी अखाड़ों के द्वारा किए गए अतिक्रमण को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। 31 मई को जिला प्रशासन को कोर्ट में अवैध अतिक्रमण हटाने को लेकर रिपोर्ट भी पेश करनी है।
मौके पर मौजूद रहे एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश है। बैरागी कैंप में अवैध अतिक्रमण को हटाया जाए। इसको लेकर 31 मई तक सुप्रीम कोर्ट में रिपोर्ट भी पेश करनी है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए जिला प्रशासन द्वारा बैरागी कैंप में अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। बैरागी कैंप में बैरागी के तीन अखाड़ों द्वारा अवैध तरीके से अतिक्रमण किया गया था इसके साथ ही निरंजनी अखाड़े का भी कुछ जगह पर अतिक्रमण था इन अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए हमारे द्वारा अभियान चलाया जा रहा है।
अतिक्रमण पर जेसीबी चलती रही और साधु संत इस कार्रवाई को देखते रहे। जबकि पिछली बार अतिक्रमण की कार्रवाई का बैरागी संतो ने पुरजोर विरोध किया और अनशन भी शुरू कर दिया था। निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि कोर्ट के आदेश पर ये कार्रवाई हुई है और इस आदेश को सबको मानना पड़ेगा।

