मयूर सैनी की रिपोर्ट
हरिद्वार – हरिद्वार में चार युवकों को आईपीएल में सट्टा लगाने की ऐसी लत पड़ गई कि उन्होंने पैसों की कमी को पूरा करने के लिए चोरी का रास्ता अपना लिया। हरिद्वार की ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने तीन बाइक चोरों को गिरफ्तार किया है जबकि चौथा आरोपी भागने में कामयाब रहा। इनकी निशानदेही पर हरिद्वार जिले के अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई 16 मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पिछले कुछ दिनों में हरिद्वार में मोटरसाइकिल चोरी की घटना लगातार बढ़ती जा रही है। चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए हरिद्वार एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। हरिद्वार कि ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्र चंद्राकार नैथानी ने बताया कि रविवार शाम को लाल पुल के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी बीच दो मोटरसाइकिल पर सवार चार युवक पुलिस को देख कर भागने लगे। लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाकर युवकों को पकड़ लिया, जबकि लक्सर के मुंडाखेड़ा गाँव निवासी चिंटू उर्फ रजत नाम का युवक फरार होने में कामयाब रहा। दो भगवानपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं जबकि एक आरोपी नाबालिक है। सख्ती से पूछताछ करने पर चारों युवकों ने मिलकर हरिद्वार के अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करने की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस को चोरी की गई 16 मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। चारों युवकों ने बताया कि आईपीएल में सट्टा लगाने वह पैसों की कमी को पूरा करने के लिए उन्होंने चोरी का रास्ता अपनाया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय के सामने पेश कर दिया है।

