हरिद्वार, 7 अक्टूबर – भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में मतदाता सूची के पुनः सत्यापन, नए पात्र मतदाताओं के नामांकन को लेकर बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एनआईसी सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने में सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों को अवगत कराया कि 08 से 10 अक्टूबर तक प्रत्येक बूथ पर विशेष कैंप आयोजित कर प्रकाशित ड्राफ्ट रोल का गहन निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने स्तर से भी मतदाता सूची का गंभीरता से परीक्षण करें। यदि किसी पात्र एवं वैध मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं है तो उसे नियमानुसार जोड़ने तथा किसी अपात्र अथवा अनावश्यक रूप से दर्ज नाम को हटाने के संबंध में निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुझाव एवं दावा-आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।

जिलाधिकारी ने यह भी अवगत कराया कि 12 से 20 अक्टूबर तक बीएलओ एवं राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए-2 के माध्यम से घर घर वैध मतदाताओं के सत्यापन की कार्रवाई की जाएगी। इस अवधि में मतदाता सूची में नए जोड़े गए नामों का भी सत्यापन किया जाएगा अगर किसी का नाम छूटा है तो फॉर्म-6 के माध्यम से जोड़ा जायेगा।उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने बीएलए के माध्यम से बूथ स्तर पर सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध,अद्यतन एवं विश्वसनीय बनाया जा सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, आप आदमी पार्टी प्रवीण कुमार सिंह, मोहन गुप्ता, सीपीआईएम राजीव गर्ग, सहायक निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *