हरिद्वार – मंगलवार देर रात आई आंधी ने हरिद्वार में कई जगह नुकसान पहुंचाया। ज्वालापुर के कटहरा बाजार में एक विशालकाय पेड़ गिर जाने से कई लोग उसमे दब गए। हादसे में एक 12 साल के बच्चे की मौत की सूचना प्राप्त हुई है। जबकि 6 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। लंबे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान डीएम और एसएसपी भी मौके पर डटे रहे। स्थानीय लोगों की मदद से देर रात पेड़ और मलबे के नीचे दबे हुए लोगों को निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मंगलवार रात को आए तूफान से क्षेत्र में कई जगहों पर पेड़ गिरने की भी जानकारी मिल रही है।

