हरिद्वार – हरिद्वार से अयोध्या के लिए आस्था स्पेशल ट्रेन आज रवाना हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार रेलवे स्टेशन से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राम मंदिर में भगवान श्री राम के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह दिखा।

22 जनवरी को अयोध्या में हुई राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में राम भक्तों का जन सैलाब उमड़ रहा है। आज धर्मनगरी हरिद्वार से करीब डेढ़ हजार राम भक्तों का जत्था अयोध्या के लिए रवाना हुआ। ट्रेन के रवाना होने से पहले विधि विधान से पूजा अर्चना की गई और नारियल तोड़कर तीर्थ यात्रा का शुभारंभ हुआ।

राम भक्तों को मंच से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राम मंदिर हमारी संस्कृति का आधुनिक प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि श्री राम मंदिर आने वाले समय में विश्व का आध्यात्मिक केंद्र भी बनेगा।

धर्मनगरी हरिद्वार से राम की नगरी अयोध्या के लिए रवाना होने वाले राम भक्त भी खासे उत्साहित नजर आए। राम भक्तों का कहना है कि सालों के इंतजार के बाद उन्हें भव्य राम मंदिर के दर्शन करने का मौका मिल रहा है। विश्व हिंदू परिषद की मांग पर रेलवे की ओर से आस्था स्पेशल ट्रेन चलाई गई है। वहीं सभी राम भक्तों को मंदिर में दर्शन करने की व्यवस्था राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट कर रहा है।