हरिद्वार – कुंभ मेला 2027 की तैयारियों में सरकार और कुंभ मेला प्रशासन जोर-शोर जुटा हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार पहुंचकर कुंभ मेले की तैयारी की समीक्षा बैठक की। हरिद्वार के मेला नियंत्रण भवन में आयोजित मीटिंग में मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल, मेलाधिकारी सोनिका समेत मेला प्रशासन और कुंभ मेले के कामों में जुटे तमाम विभागों के अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कुंभ मेले से जुड़े 234 करोड़ के निर्माण कार्यों का शिलान्यास भी किया।
मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ के सभी स्थाई और अस्थाई निर्माण कार्य समय से पूरे हो और सभी काम गुणवत्ता पूर्ण हों, इसके लिए वे खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अखाड़े के साधु संतों के साथ लगातार समन्वय बनाए जा रहा है। सभी सनातनी परंपराओं का निर्वहन करते हुए कुंभ 2027 का भव्य आयोजन कराया जाएगा।

