हरिद्वार – उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्षी नेताओं द्वारा सनातन को लेकर दिए गए बयानों की निंदा की और कहा कि आईएनडीआईए गठबंधन से जुड़े नेता ही सनातन धर्म को लेकर उल्टे सीधे बयान दे रहे हैं। उनके बयान सनातन धर्म के प्रति गंदी मानसिकता को दर्शा रहे है। सीएम धामी ने ये भी कहा कि सनातन शाश्वत है जो कल भी था, आज भी है और हमेशा रहेगा।
गौरतलब है कि सीएम धामी हरिद्वार के जयाराम आश्रम में दिवंगत स्वामी देवेंद्र स्वरूप की श्रद्धांजलि सभा में शिरकत करने पहुंचे थे। कार्यक्रम में अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्रपुरी, आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि, जयाराम पीठाधीश्वर ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी समेत कई साधु संत मौजूद रहे। साधु संतो ने भी सनातन धर्म को लेकर नेताओ द्वारा दिए जा रहे बयानों पर आपत्ति जताई। ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी ने कहा कि राजनीति के बीच में धर्म को लाना उचित नहीं है।

कार्यक्रम में स्थानीय विधायक मदन कौशिक, पूर्व राज्यमंत्री संजय पालीवाल, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, जिला अध्यक्ष संदीप गोयल, जिला महामंत्री आशुतोष शर्मा, बीजेपी नेता ओम प्रकाश जमदग्नि समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


