हरिद्वार, 14 अगस्त – उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वह कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष व वरिष्ठ कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे का पूरा सम्मान करते हैं परंतु हल्द्वानी मामले को लेकर जिस तरह से कांग्रेस के नेता राजनीति कर रहे हैं वह ठीक नहीं है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी में हुई जनसभा के बाद हुए विवाद को लेकर कांग्रेस को करारा जवाब देते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अपने तुच्छ राजनीतिक स्वार्थों के लिए और एक वर्ग विशेष की भावनाओं को भड़काने की कोशिश कर रही है और यह कांग्रेस का एक प्रोपेगेंडा है। दलितों का वोट पाने के लिए कांग्रेस तुच्छ राजनीति कर रही है। जबकि कांग्रेस की असलियत ये है कि कांग्रेस ने हमेशा दलितों का अपमान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी दलित नेताओं और दलित समाज का सम्मान नहीं किया है। दलित समाज को सम्मान देने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने किया है।

