हरिद्वार – हरिद्वार की ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र स्थित कडछ मोहल्ले से संदिग्ध परिस्थितियों में एक बच्चा चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी हुए बच्चे की उम्र महज आठ माह है। बताया जा रहा है कि सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक संदिग्ध भिखारी घर में आया और सोते हुए बच्चे को उठाकर ले गया। दिनदहाड़े बच्चा चोरी की घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। जिले के कप्तान अजय सिंह खुद पीड़ित परिजनों से मिलने उनके घर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई।
एसएसपी अजय सिंह के मुताबिक पुलिस गहनता से मामले की जांच में जुटी हुई है लेकिन बच्चा चोरी होने के दो घंटे बाद पुलिस को सूचना दी गई इसलिए जिले के सभी बॉर्डर पर नाकाबंदी की है। जिस संदिग्ध पर परिजन शक जता रहे है इसके अनुसार कई लोगो को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही डॉग स्क्वायड की मदद भी ली जा रही है। एसएसपी अजय सिंह ने दावा किया जल्द ही बच्चे को बरामद कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
दिनदहाड़े घर में सोया बच्चा चोरी होने के बाद हर कोई सकते में है। सूचना मिलते ही सामाजिक और राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोग भी बच्चों के परिजनों से मिलने उनके घर पहुंच रहे हैं। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव और पंजाबी महासभा के महामंत्री सुनील अरोड़ा ने भी पुलिस प्रशासन से इस मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की है।

