हरिद्वार – वेतन न मिलने से नाराज सफाई कर्मचारियों और सफाई वाहन चालकों ने ठेकेदार के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया। हरिद्वार के रानीपुर मोड़ स्थित ठेकेदार कार्यालय के बाहर दर्जनों गाड़ियाँ खड़ी कर सभी कर्मचारी धरने पर बैठ गए। इन सभी कर्मचारियों ने कुम्भ मेले में सफाई व्यवस्था संभाली हुई थी लेकिन मेला समाप्त होने के बावजूद वेतन न मिलने पर इन्हें धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होना पड़ा। इतनी बड़ी संख्या में सफाई वाहनों के एकत्रित हो जाने पर प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। मौके पर पुलिस बल भी बुलाना पड़ा। नाराज कर्मचारी अपना पूरा वेतन लेने की माँग पर अड़े रहे। बाद में 15 दिन का वेतन और शीघ्र ही बकाया वेतन के आश्वासन के बाद सफाई कर्मचारियों ने अपने धरने को समाप्त किया।


सफाई वाहन चालक संजय सैनी ने कहा कि जिस तरह से कोरोना महामारी चल रही है, कर्फ्यू लगा है उसे देखते हुए उन्हें पैसों की सख्त जरूरत है। कुंभ मेला समाप्त होने के बाद भी उनका वेतन नहीं दिया जा रहा है इसलिए उनकी मांग है कि उन्हें जल्द से जल्द वेतन दिया जाए। वही चौकी इंचार्ज खेमेन्द्र गंगवार ने कहा कि कंपनी प्रबंधन से उनकी बातचीत हो गई है 3 मई को इन कर्मचारियों का रुका हुआ सारा वेतन दे दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *