हल्द्वानी (नैनीताल), 15 अक्टूबर – हल्द्वानी से कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। विधायक ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में एक बड़ा गैंग सक्रिय है, जो नेताओं के फोन टैप कर रहा है। इस दौरान भावुक हुए विधायक ने रोते हुए कहा कि उनका जीवन खतरे में है और उन्हें न्याय चाहिए। इतना ही नहीं, उन्होंने गैरसैंण विधानसभा सत्र में आत्मदाह करने तक की बात कह दी।
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश का दावा है कि उनके फोन टैप किए जा रहे हैं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के जरिए उनकी फर्जी कॉल रिकॉर्डिंग और वीडियो बनाकर वायरल किए जा सकते हैं। सुमित हृदयेश ने बताया कि उन्होंने अप्रैल 2025 में मामले की लिखित शिकायत दी थी। विधायक ने आरोप लगाया कि इस कथित गैंग में निजी क्षेत्र से जुड़े कुछ लोग और प्रभावशाली व्यक्ति भी शामिल हैं। उन्होंने आशंका जताई कि उनके खिलाफ किसी भी समय साजिश रची जा सकती है।
अब सवाल यह है कि विधायक की ओर से लगाए गए इन गंभीर आरोपों पर सरकार और पुलिस क्या कदम उठाती हैं और मामले की जांच में क्या सामने आता है।
