मयूर सैनी/सचिन
हरिद्वार – लक्सर के पथरी थाना क्षेत्र स्थित फूलगढ़ गांव में हुए शराब कांड के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। आसपास के थाने, कोतवाली और चौकियों की पुलिस अलर्ट मोड पर है। रविवार को लक्सर कोतवाली पुलिस टीम ने छापेमारी अभियान चलाकर लक्सर क्षेत्र के अलग अलग इलाकों से 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 90 लीटर अवैध कच्ची शराब भी बरामद हुई है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।
दरअसल पथरी थाना क्षेत्र के फूलगढ़ गांव में हुए शराब कांड के बाद पुलिस प्रशासन सकते में आ गया है। फूलगढ़ गांव में पंचायत चुनाव में ग्रामीणों को लुभाने के लिए कच्ची शराब पिलाने का खुलासा हरिद्वार के एसएसपी योगेन्द्र सिंह रावत ने किया है। फूलगढ़ से महिला ग्राम प्रधान प्रत्याशी के पति की गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। छापेमारी की कार्रवाई हो रही है। पिछले 24 घंटे में लक्सर कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर 19 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 90 लीटर अवैध कच्ची शराब भी बरामद हुई है।
लक्सर कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। क्षेत्र में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और अवैध शराब की तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

