हरिद्वार – चीन, जापान समेत कई देशों में बढ़ते कोरोना के मामलों ने भारत सरकार की चिंता बढ़ा दी है। केंद्र ने सभी राज्यों को अलर्ट करने के साथ ही नई एसओपी जारी की है। सरकार के दिशा निर्देश पर हरिद्वार में भी जिला प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। नई एसओपी के अनुसार सभी सरकारी और गैर सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में आने वाले सर्दी जुखाम और बुखार से पीड़ित मरीज का आरटीपीसीआर टेस्ट करने की बात कही गई है। अस्पतालों को कोरोना पॉजिटिव मरीज के सैंपल को जीनोम सिकवेंसिंग के लिए दून अस्पताल भेजने के निर्देश दिए गए है। लोगों से सार्वजनिक जगहों पर सोशल डिस्टेंस के पालन के साथ ही मास्क और सेनिटाइजर के इस्तेमाल की अपील की गई है।
जिलाधिकारी विनय शंकर पांडे ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा जारी एसओपी के अनुसार लोगों से आत्मनियंत्रण की अपील की जा रही है। लोग भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचे, सोशल डिस्टेंसिंग के साथ ही प्रॉपर मास्क और सेनिटाइजर का प्रयोग करें। साथ ही सभी अस्पतालों में सर्दी खांसी जुखाम और बुखार के मरीजों का आरटीपीसीआर टेस्ट अनिवार्य कर दिया है।

