हरिद्वार, 14 सितंबर – गणेश चतुर्थी के मौके पर धर्मनगरी हरिद्वार में गणपति पंडालों की स्थापना की जा रही है। कनखल स्थित प्रसिद्ध दक्षेश्वर महादेव मंदिर परिसर में गणपति पंडाल में पूजा अर्चना की गई।
महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव दक्षेश्वर महादेव मंदिर के प्रमुख महंत रविंद्र पुरी की मौजूदगी में विधि विधान से पूजा अर्चना की गई। इस दौरान मौके पर जमा हुए श्रद्धालुओं ने भी गणपति बप्पा मोरिया के जयकारे लगाए। अनंत चतुर्दशी तक यहां रोजाना भजन संध्या और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
महंत रविंद्र पुरी ने विभिन्न स्थानों पर गणपति स्थापना को लेकर लोगों से गंगा को प्रदूषित ना करने और निर्धारित स्थानों पर ही गणपति विसर्जित करने की अपील की।
