देहरादून – भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून में पासिंग आउट परेड के बाद 341 फ़ौजी अफसर शपथ लेकर शनिवार को भारतीय सेना का हिस्सा बन गए। सेना के दक्षिण-पश्चिमी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग ले. जनरल आर पी सिंह ने बतौर रिव्यूइंग ऑफिसर परेड का निरीक्षण कर जेंटलमैन कैडेट्स से सलामी ली। इस बार भी कोविड खतरे के चलते पासिंग आउट परेड बेहद सादगीपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।

देहरादून में शुक्रवार आधी रात के बाद शुरू हुए बारिश और आँधी-तूफान के चलते पासिंग आउट परेड करीब दो घंटे की देरी से शुरू हुई। डिप्टी कमांडेंट जगजीत सिंह ने परेड की सलामी ली। कमांडेंट हरिंदर सिंह ने परेड की सलामी ली। जिसके बाद ले. जनरल आर पी सिंह परेड स्थल पहुंचे और परेड की सलामी ली। कैडेट्स पर सेना के तीन हेलीकॉप्टरों ने पुष्प वर्षा की जिससे माहौल भावुक हो गया

कोरोना के चलते कैडेट्स के परिजनों को पासिंग आउट परेड देखने का मौका नहीं मिल पाया। परेड के बाद आयोजित पीपिंग व ओथ सेरेमनी संपन्न होते ही 341 कैडेट्स बतौर लेफ्टिनेंट भारतीय सेना और 84 विदेशी कैडेट्स अपने-अपने देश की सेनाओं का हिस्सा बन गए। विदेशी कैडेट्स नौ मित्र देशों अफगानिस्तान, तजाकिस्तान, भूटान, मॉरीशस, श्रीलंका, वियतनाम, टोंगा, मालदीव और किर्गिस्तान की सेना के यंग ऑफ़िसर बन गए।

शनिवार को हुई पासिंग आउट परेड के भारतीय सैन्य अकादमी के नाम देश-विदेश की सेनाओं को 62,987 यंग आर्मी ऑफ़िसर्स देने का गौरव जुड़ गया है। मित्र देशों को मिले 2587 सैन्य अधिकारी भी इसमें शामिल हैं। कोरोना महामारी के कारण पासिंग आउट परेड में कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया गया। न केवल दर्शक दीर्घा बल्कि परेड के दौरान भी शारीरिक दूरी के नियमों का पूरा पालन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *