हरिद्वार – हरिद्वार में जिला प्रशासन की अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। प्रशासनिक टीम ने हरिद्वार के आर्यनगर के पास रोड़ के किनारे स्थित धार्मिक स्थल को हटा दिया है। सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। एसडीएम पूरन सिंह राणा, नगर आयुक्त दयानंद सरस्वती और एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार समेत कई विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
इस दौरान प्रशासनिक टीम को लोगों के विरोध का सामना भी करना पड़ा लेकिन प्रशासन ने कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए अपनी कार्रवाई पूरी की। इसके साथ ही सिंहद्वार फ्लाईओवर के नीचे बने एक धार्मिक स्थल को भी प्रशासनिक टीम ने हटाया।
इस दौरान एसडीएम पूरन सिंह राणा ने कहा कि कोर्ट के आदेश के अनुपालन में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई का विरोध करके किसी को भी कानून व्यवस्था बिगाड़ने नहीं दी जाएगी।

