हरिद्वार – जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय की अध्यक्षता में मंगलवार को तहसील लक्सर परिसर में आमजन की समस्याओं के निराकरण हेतु ’’तहसील दिवस’’ का आयोजन किया गया। तहसील दिवस में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने भी प्रतिभाग किया तथा कानून एवं व्यवस्था से सम्बन्धित आम जन की शिकायतों का निराकरण करते हुये सम्बन्धित को दिशा-निर्देश दिये।

तहसील दिवस’’ में कुल 30 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से कई का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया तथा शेष अनुरोध पत्रों को प्रकरण के निस्तारण में लगने वाले समय के अनुसार संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारित करने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिये।

इस मौके पर जिलाधिकारी ने पूर्व तहसील दिवस में आई हुई समस्याओं के निस्तारण के सम्बन्ध में भी सम्बन्धित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिस किसी भी विभाग को जन-सामान्य की समस्या का समाधान करना है, वे आवेदन पत्र में निर्धारित समय के अनुसार मेरिट के आधार पर निस्तारण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने इस मौके पर सरकारी भूमि पर कब्जे के सम्बन्ध में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के पूर्व में अधिकारियों को दिये गये निर्देशों का उल्लेख करते हुये कहा कि जहां पर भी अगर सरकारी भूमि पर कब्जा है, तो उसकी सूचना यथाशीघ्र दें तथा यह रिपोर्ट देने का अन्तिम मौका होगा अन्यथा की स्थिति में किसी भी अन्य माध्यम-मीडिया, जन-प्रतिनिधि आदि से सरकारी जमीन पर कब्जे की सूचना मिलने पर सम्बन्धित अधिकारी की सरकारी सम्पत्ति पर कब्जे के सम्बन्ध में मिलीभगत मानी जायेगी।

तहसील दिवस में आज प्राप्त होने वाली शिकायतों में राजस्व, विद्युत, विधवा/वृद्धावस्था पेंशन, पुलिस, जमीन की पैमाइश, अवैध अतिक्रमण हटाये जाने, पानी की निकासी आदि से सम्बन्धित प्रमुख प्रकरण प्राप्त हुये।

इस अवसर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पी0 एल0 शाह, एसडीएम लक्सर गोपाल राम बिनवाल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 मनीष दत्त, डीएफओ मयंक शेखर झा, डीपीआरओ अतुल प्रताप सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी के0 के0 गुप्ता, मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी, महाप्रबन्धक उद्योग पल्लवी गुप्ता, चकबन्दी अधिकारी दीवान सिंह नेगी, लोक निर्माण, समाज कल्याण, जल संस्थान, विद्युत, पुलिस विभाग सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *