हरिद्वार, 06 जुलाई – जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 90 शिकायतें एवं समस्याएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 48 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई एवं समयबद्ध निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। जनसुनवाई में भूमि विवाद, राशन कार्ड, विद्युत, पेयजल, जलनिकासी, अतिक्रमण सहित विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित शिकायत लेकर लोग पहुंचे।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता एवं समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जो शिकायतें बार-बार जनसुनवाई में प्रस्तुत हो रही हैं, उनका विशेष प्राथमिकता के साथ समाधान किया जाए। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, वहां संबंधित अधिकारी स्वयं निरीक्षण कर समस्या का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ निस्तारण किया जाए ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज सभी शिकायतों का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। विशेष रूप से 36 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान बताया गया कि एल-1 स्तर पर 501 तथा एल-2 स्तर पर 151 शिकायतें लंबित हैं, जिनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता, परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, अधिशासी अभियंता (विद्युत) दीपक सैनी, जिला शिक्षा अधिकारी अमित चंद, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला युवा कल्याण अधिकारी (पीआरडी) प्रमोद चंद पांडे, स्वजल के चंद्रकांत मणि त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *