हरिद्वार – हरिद्वार में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार को हरिद्वार के जिलाधिकारी विनय शंकर पांडे ने जटवाड़ा पुल, कनखल चौक बाजार, भूपतवाला समेत कई अतिक्रमण वाले चिन्हित स्थानों का निरीक्षण किया और अधिनस्थ अधिकारियों को सख्ती से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ हरिद्वार के सिटी मजिस्ट्रेट अवधेश कुमार सिंह, एसडीएम पूरन सिंह राणा और नगर आयुक्त दयानंद सरस्वती समेत कई विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि प्रशासन की पहल के बाद हरिद्वार के भारत माता मंदिर रोड़ पर किए गए अतिक्रमण को स्वयं ही हटा लिया गया है जिस पर जिलाधिकारी विनय शंकर पांडे ने साधु संतो और व्यापारियों की इस पहल की सराहना की। उन्होंने बताया कि जिन स्थानों से अतिक्रमण हटा दिया गया है वहां जल्द ही ड्रेनेज की व्यवस्था के लिए नाले का निर्माण कराया जाएगा और इसके लिए संबंधित विभाग को निर्देशित भी कर दिया गया है।

