ब्यूरो रिपोर्ट नैनीताल
हल्द्वानी (नैनीताल) – पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद का कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में चले जाने से कांग्रेस में आत्मचिंतन शुरू हो गया है।पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद की बात करें तो उनका परिवार लंबे अरसे से कांग्रेस से जुड़ा रहा है। ऐसे में जितिन प्रसाद का भाजपा ज्वाइन करना कांग्रेस हाईकमान स्तर पर कई सवालिया निशान खड़े करता है। उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भी पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के भाजपा में शामिल होने से इसे कांग्रेस के लिए नुकसान बताते हुए पार्टी में मंथन का संकेत दिया है।
वही इस पूरे मामले में नेता प्रतिपक्ष, डॉ इंदिरा हृदयेश का कहना है की पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद का परिवार कांग्रेस से ताल्लुक रखता है और उनके पिताजी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुके हैं ऐसे में उन्होंने भाजपा की सदस्यता क्यों ली इस पर उनसे जानकारी ली जाएगी। इंदिरा हृदयेश ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री का घर नैनीताल में है और मेरे उनके परिवार के साथ काफी अच्छे संबंध रहे हैं।
गौरतलब है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री के कांग्रेस को छोड़कर बीजेपी में सम्मिलित होने से जहां कांग्रेस के सांगठनिक स्तर पर प्रभाव पड़ना तय है तो वही कांग्रेस में एक बार फिर से मंथन का दौर शुरू हो गया है और केंद्रीय मंत्री के भाजपा में चले जाने से कांग्रेस के एक धड़े में पार्टी हाईकमान से नाराजगी का होना भी लाजमी है।

