हरिद्वार – हरिद्वार पुलिस ने एक और सराहनीय काम किया है। इस बार पुलिस ने घर से बिना बताए पिथौरागढ़ से हरिद्वार पहुँची दो नाबालिक किशोरियों को उनके परिजनों से मिलवाया है। दोनो किशोरियां परिजनों की डांट से नाराज़ होकर हरिद्वार पहुँच गई थी लेकिन पुलिस की तत्परता से दोनो की सकुशल घर वापसी हो गई है।
हरिद्वार कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात कोतवाली पुलिस को हरिद्वार बस स्टैंड के पास लगभग 12 वर्षीय दो नाबालिग किशोरियां घूमती हुई दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों किशोरियों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वह पिथौरागढ़ की रहने वाली है और परिजनों की डांट से नाराज होकर हरिद्वार आ गई। पुलिस ने फौरन ही पिथौरागढ़ कोतवाली पुलिस से संपर्क किया तो जानकारी मिली की वहां पर दोनों किशोरियों की गुमशुदगी दर्ज है। इसके बाद किशोरियों के परिजनों से संपर्क साधा गया और उन्हें हरिद्वार बुलाया गया। हरिद्वार पुलिस ने दोनों किशोरियों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। किशोरियों के परिजनों ने हरिद्वार पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया और दोनों को साथ लेकर पिथौरागढ़ रवाना हो गए।

