हरिद्वार, 14 सितंबर – महामंडलेश्वर स्वामी प्रखर महाराज के सान्निध्य में भोपतवाला स्थित श्री विश्वनाथ धाम आश्रम में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान गणेश के प्राकट्य दिवस को गणेशोत्सव के रूप में पूर्ण शास्त्रीय विधि-विधान से धूमधाम के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर देशभर से आए महाराज श्री के अनेक शिष्यों और भक्तों ने भाग लिया।

भगवान गणेश के पूजन-अर्चन का कार्य काशी के वैदिक विद्वान सुनील दीक्षित के नेतृत्व में सैकड़ों विद्वान आचार्यों द्वारा संपन्न कराया गया।

स्वामी प्रखर महाराज ने बताया कि शास्त्रीय परंपरा के अनुसार भगवान गणेश का अर्चन आठ वस्तुओं से किया जाता है। गणेश पुराण में स्वयं भगवान गणेश ने कहा है कि जो भक्त मेरे जन्मोत्सव पर आठ द्रव्यों से मेरा पूजन-अर्चन करता है, मैं उसके सभी मनोरथ पूर्ण करता हूँ। इसी परंपरा का पालन करते हुए इस वर्ष भगवान का अर्चन 16 हजार लड्डू, 16 हजार केले, 16 हजार गन्ने, 16 हजार चिड़वा, 16 हजार धान की खील, सत्तू और दूर्वा आदि अष्ट द्रव्यों से किया गया और विधिपूर्वक तर्पण भी किया गया।

अष्ट द्रव्य अर्चन का यह क्रम अपराह्न 4 बजे तक अनवरत जारी रहा। भगवान चिंतामणि गणेश को लक्ष्य कर यह पूजन संपन्न हुआ, जिसके पश्चात अष्ट द्रव्यों से हवन कर पूर्णाहुति दी गई।

इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के वरिष्ठ नेता दिनेश जी, महामंडलेश्वर यतींद्रानंद महाराज, महादेव बाबा, गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम और एम्स की डायरेक्टर डॉ. मीनू सिंह ने भी गणेश पूजन किया।

शंकराचार्य मार्ग, शिवनगर, भोपतवाला स्थित श्री विश्वनाथ धाम में वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण गणेशमय हो उठा। सभागार में सैकड़ों भक्तों और आचार्यों द्वारा किया गया सामूहिक अर्चन अभूतपूर्व रहा। क्षेत्र के लोगों ने भी इस दिव्य आयोजन के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया।

कार्यक्रम के समापन पर भगवान गणेश को अर्पित अष्ट द्रव्यों को प्रसाद के रूप में सभी भक्तों और क्षेत्रवासियों में वितरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *