हरिद्वार – उत्तराखंड सरकार द्वारा कोविड कर्फ्यू की समय सीमा बढ़ाए जाने के विरोध में प्रदर्शन करने वाले हरिद्वार के दर्जनों व्यापारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। हरिद्वार की मेयर अनीता शर्मा ने व्यापारियों पर दर्ज मुकदमें की निंदा की है। मेयर अनीता शर्मा ने व्यापारियों पर मुकदमे दर्ज करने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है और कहा है कि यदि व्यापारियों की गिरफ्तारी हुई तो वह भी अपनी गिरफ्तारी देंगी।
मीडिया को जारी बयान में मेयर अनीता शर्मा ने कहा कि व्यापारियों पर जो मुकदमे दर्ज किए गए हैं वह गलत है। सरकार को ऐसा नहीं करना चाहिए। कोविड-19 के आर्थिक तंगी झेल रहे व्यापारी अपने घर परिवार चलाने के लिए ही विरोध कर रहे हैं। व्यापारियों को अपनी आवाज उठाने का पूरा अधिकार है। वो हरिद्वार के व्यापारियों के साथ खड़ी है। व्यापारियों की माँग पर सरकार को विचार करना चाहिए। वही उन्होंने साफ तौर से कहा है कि जिन व्यापारियों पर मुकदमे दर्ज हुए हैं यदि उनकी गिरफ्तारी होती है तो वह भी अपनी गिरफ्तारी देंगी।

