सचिन कुमार

हरिद्वार – आज सावन मास का पहला सोमवार है। सुबह से ही श्रद्धालु भगवान शिव की पूजा अर्चना करने मंदिर पहुंच रहे है। हरिद्वार में कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओ का तांता लगा हुआ है। हरिद्वार के कनखल में स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर को भगवान् शंकर की ससुराल कहा जाता है।

मान्यता है कि पुरे सावन के महीने में भगवान भोले नाथ दक्ष मंदिर में ही निवास करते है। पौराणिक मान्यता के अनुसार राजा दक्ष ने अपने दामाद भगवान शिव को यज्ञ का निमंत्रण नही दिया था। अपने पति का अपमान देख माता सती ने यज्ञ कुंड में अपने प्राणों की आहुति दे दी थी। क्रोधित होकर भगवान शिव अपने गण वीरभद्र से राजा दक्ष का सिर धड़ से अलग करा दिया और उन्हे मुक्ति दिलाई। राजा दक्ष के अनुरोध पर भगवान शिव उन्हे सावन माह में पूरे महीने दक्षेश्वर मंदिर में निवास करने का आशीर्वाद दिया। मान्यता है की तब से लेकर आज तक भगवान शिव साल में एक महीने यही रहकर सृष्टि का संचालन करते है। दक्ष मंदिर में भगवान शिव राजा दक्ष के धड़ के रूप में विराजमान हैं।


सावन के पहले सोमवार को लेकर शिवभक्तों में खासा उत्साह है। सुबह से ही बड़ी संख्या में दूर दूर से आये श्रद्धालु दक्ष मंदिर पहुँच रहे है। माना जाता है दक्षेश्वर महादेव अपने भक्तो ही हर मुराद पूरी करते है। इसलिए श्रद्धालु गंगाजल, दूध, दही, शहद और भांग धतूरा अर्पित कर भगवान शिव को प्रसन्न करते है।

सावन मास और कांवड़ मेले को लेकर दक्ष मंदिर परिसर में प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए है। मंदिर में चारो तरफ भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *