हरिद्वार – हाईकमान ने हरिद्वार लोकसभा से भाजपा सांसद रमेश पोखरियाल निशंक का टिकट काटकर पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को अपना प्रत्याशी बनाया है। सांसद निशंक का टिकट कटने के बाद राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। भाजपा में टिकट कटने से कुछ नहीं होता। उनके यहां जिसे भी टिकट हो जाता है सब मिलकर अपने प्रत्याशी को चुनाव जिताने का काम करते हैं। इसके साथ ही राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी ने उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटों पर भारी जीत दर्ज करने का दावा किया।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा और कहा कि इस लोकसभा चुनाव में विपक्ष कहीं भी दिखाई नहीं दे रहा है और भारतीय जनता पार्टी की ही बड़ी जीत होगी।
गौरतलब है कि सांसद कल्पना सैनी आज हरिद्वार की संगम विहार कॉलोनी में एक सड़क का शिलान्यास करने पहुंची थी। उन्होंने अपनी सांसद निधि से सड़क की स्वीकृति दी है।

