हरिद्वार, 1 सितम्बर – जनपद हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों के द्वारा विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों एवं दुग्ध वाहनों का निरीक्षण किया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानन्द जोशी ने अवगत कराया है कि आज दूरभाष पर प्राप्त शिकायत के क्रम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, कैलाश टम्टा द्वारा अमरोहा, उत्तर प्रदेश से हरिद्वार में वितरण हेतु लाये जा रहे एक दुग्ध वाहन को कनखल में जांच हेतु रोका गया। वाहन में गाय एवं भैंस का मिश्रित दूध लाया जा रहा था। मौके पर वाहन का दुग्ध वितरण/सप्लाई करने सम्बन्धी खाद्य अनुज्ञप्ति प्रस्तुत नहीं किया गया। मौके पर आवश्यक दस्तावेजों को प्रदर्शित नहीं करने पर उक्त वाहन/डेयरी के स्वामी एम०एस० डेयरी को नोटिस जारी किया गया है। मौके पर उक्त वाहन से संदेह के आधार पर गाय एवं भैंस के मिश्रित दूध का 01 नमूना प्रयोगशाला जांच हेतु लिया गया।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, दिलीप जैन एवं योगेन्द्र पाण्डेय की संयुक्त टीम के द्वारा रुड़की शहर में स्थित रिटेल स्टोरों का निरीक्षण किया गया। मौके पर कुल 05 खाद्य पदार्थों एडिवल ऑयल-02, चावल-01, हींग-01 तथा सरसों का तेल-01 के नमूने प्रयोगशाला जांच हेतु लिये गये। दो निर्माता कम्पनियों को लेबल प्राविधानों का उल्लंघन करने पर नोटिस जारी किया गया है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत उठाये गये कदमों के क्रम में एक मार्ट से हींग का 01 नमूना लिया गया तथा शेष बचे 09 हींग डिब्बियों को मौके से हटवाया गया। एक अन्य रिटेल स्टोर संचालक को वर्करों के मेडिकल तथा पेस्ट कंट्रोल दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर नोटिस जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *