हरिद्वार – उत्तराखंड में मैदान से लेकर पहाड़ों तक लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। वहीं पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश मैदानी क्षेत्रों के लिए आफत बनती जा रही है। आज देर शाम गंगा नदी उफान पर आ गई। बारिश के कारण श्रीनगर डैम से छोड़े गए पानी के चलते हरिद्वार और ऋषिकेश में प्रशासन अलर्ट मोड़ पर है। शाम सात बजे तक हरिद्वार में गंगा ने चेतावनी स्तर को पार कर लिया था। हरिद्वार में 293 मीटर चेतावनी लेबल माना गया है। वहीं 294 मीटर को खतरे का निशान माना जाता है। भीमगोड़ा बैराज से मिली रिपोर्ट के अनुसार शाम सात बजे गंगा का जलस्तर 293.15 पर था। गंगा के उफान पर आते ही हरिद्वार जिला प्रशासन व आपदा प्रबंधन महकमा अलर्ट मोड में आ गया है।

गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व लक्सर में सोलानी नदी तबाही मचा चुकी है। आज भी लक्सर के कई गांव जलमग्न है। जिला प्रशासन व उनकी टीमें दिन रात मेहनत कर राहत और बचाव कार्य में लगी हुई है। वहीं अब गंगा का जल स्तर बढ़ने से प्रशासन अलर्ट मोड़ पर है और आलाधिकारी नजर बनाए हुए हैं।

