मयूर सैनी की रिपोर्ट
हरिद्वार – कोरोना और कर्फ्यू के चलते अवैध कच्ची शराब का कारोबार तेजी से फल-फूल रहा है। आबकारी विभाग की कार्यवाही भी कच्ची शराब के कारोबार पर लगाम नहीं लगा पा रही है। आज हरिद्वार के दिनारपुर गांव में आबकारी विभाग की टीम ने छापेमारी कर 12 ड्रम में बनाई जा रही करीब 3 हज़ार लीटर कच्ची शराब नष्ट की और शराब बनाने के अन्य कई सामान भी बरामद किए। आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी। हालांकि कार्रवाई के दौरान कोई भी आरोपी पकड़ में नहीं आया। आबकारी इंस्पेक्टर का कहना है कि इस मामले में अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास किये जा रहे है और बढ़ते कच्ची शराब के कारोबार को देखते हुए मुखबिर तंत्र मजबूत किया जा रहा है।
गौरतलब है कि हरिद्वार से सटे कई गाँवो में कच्ची शराब का अवैध कारोबार तेजी से फल फूल रहा है। अभी एक दिन पहले भी पथरी थाना पुलिस ने जंगल से कई हजार लीटर कच्ची शराब का लहन और उपकरण बरामद किए थे लेकिन कार्रवाई से पहले ही शराब तस्कर फरार हो जाते है।

