हरिद्वार – जोशीमठ में आई आपदा के पीड़ितों की मदद के लिए हरिद्वार जिला प्रशासन द्वारा राहत सामग्री से भरे ट्रक जोशीमठ भेजे गए। भल्ला इंटर कॉलेज में हरिद्वार के डीएम विनय शंकर पांडे ने हरी झंडी दिखाकर राहत सामग्री से भरे ट्रक रवाना किए। हरिद्वार जिला प्रशासन के अधिकारियों ने सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के साथ ही उद्योग जगत की मदद से ढाई हजार कंबल और एक हजार राशन की किट एकत्रित की थी जिन्हें हरिद्वार से रवाना कर दिया गया है।
हरिद्वार के जिलाधिकारी विनय शंकर पांडे ने बताया कि आपदा के समय में हरिद्वार जिला हमेशा लोगों की मदद करता आया है। उनके अधिकारी चमोली जिले के डीएम के लगातार संपर्क में है और जरूरत के अनुसार आगे भी राहत सामग्री भेजने का सिलसिला जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने आपदा पीड़ितों के लिए राहत सामग्री देने वाली सभी संस्थाओं का आभार भी व्यक्त किया।

