हरिद्वार – उत्तराखंड के 22 वें स्थापना दिवस के मौके पर प्रदेश भर में कई कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। हरिद्वार के ऋषिकुल ऑडिटोरियम में भी जिला प्रशासन की ओर से स्थापना दिवस पर समारोह का आयोजन किया गया। हरिद्वार के सांसद रमेश पोखरियाल निशंक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में राज्य आंदोलनकारियों की शहादत को नमन किया गया। वहीं स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। इस मौके पर स्कूली छात्रों और अन्य संस्थाओं के द्वारा रैली भी निकाली गई जिसमें प्रदेश की संस्कृति की झलक दिखाई दी।
मीडिया से बात करते हुए सांसद निशंक ने कहा कि इन 22 वर्षों में प्रदेश ने विकास के कई आयाम छुए हैं। दूसरे हिमालई राज्यों की तुलना में उत्तराखंड ने तेजी से तरक्की की है। आने वाले समय में उत्तराखंड मॉडल राज्य के रूप में स्थापित होगा।
कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रमुख डॉ नरेश चौधरी, हरिद्वार के जिलाधिकारी विनय शंकर पांडे, एसएसपी अजय सिंह, विधायक अनुपमा रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, सीएमओ खगेंद्र कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

