हरिद्वार, 1 अगस्त – हरिद्वार के बहादराबाद थाना क्षेत्र में गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे दो कांवड़ियों की हादसे में मौत हो गई। निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे रखे लोहे के गाटर के नीचे दबने से दोनों कांवड़ियों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और अन्य कांवड़ियों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार ग्राम बड़ेड़ी राजपूतान में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे रखे लोहे के गाटरों के पास हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़िए विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान एक कांवड़िया गाटर पर चढ़ गया, जिससे भारी गाटर अचानक फिसलकर नीचे बैठे कांवड़ियों पर गिर पड़ा। हादसे में दो कांवड़िए गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय रुड़की ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कावड़िये मेरठ और गाजियाबाद के रहने वाले है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

