हरिद्वार – कोरोना काल के चलते हरिद्वार का व्यापारी आर्थिक मंदी की मार झेल रहा है। कई बार सरकार से राहत देने की मांग पूरी ना होने पर आक्रोशित व्यापारियों ने बैठक कर चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला अध्यक्ष सुरेश गुलाटी और संचालन जिला महामंत्री संजीव नैयर ने किया। बैठक में जिला व्यापार मंडल से संबंधित जिले की समस्त इकाइयों के पदाधिकारी सम्मिलित हुए। सभी वक्ताओं ने एक स्वर से प्रदेश सरकार और प्रशासन की आलोचना करते हुए कहा की हर प्रकार का टैक्स चुका कर सरकार और सरकारी मशीनरी को चलाने में सहयोग करने वाला व्यापारी आज इस वैश्विक महामारी के कारण भुखमरी के कगार पर आ पहुंचा है। संवेदनहीन सरकार व्यापारियों की किसी समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर नही है। समस्त व्यापार बंद पड़ा है और सरकारी विभाग अपने बकाया के लिए व्यापारियों को लगातार दबाव बना रहे हैं। इस महामारी के समय पर कोई भी जनप्रतिनिधि या प्रशासन के प्रतिनिधि कहीं दिखाई नहीं पड़ रहे हैं। इस आपदा में निजी चिकित्सालयों में लूट मची हुई है, इसे कोई देखने वाला नहीं है। बैठक के दौरान सरकार से मांग की गई है, जिला हरिद्वार के समस्त व्यापारियों के 6 माह के हर प्रकार का सरकारी देय जिसमें बिजली बिल, जल कर, गृह कर, बच्चों की स्कूल फीस, बैंकों की ईएमआई, जीएसटी, ट्रेवलर्स व्यवसाय से जुड़ी गाड़ियों का रोड टैक्स व फिटनेस टैक्स माफ किया जाए।
वही उन्होंने हरिद्वार में अब कोविड के घटते संक्रमण को देखते हुए 1 जून से समस्त व्यापार को खोलने की व्यवस्था बनाने की मांग भी की। वही बैठक में सामूहिक रूप से यह भी तय हुआ कि जिले के समस्त विधायकों को तथा जिला अधिकारी को एक मांग पत्र दिया जाएगा और उसमें व्यापारियों की इन सभी समस्याओं के समय बद्ध निराकरण की मांग की जाएगी और अगर व्यापारियों की मांग पूरी नहीं हुई तो व्यापारी उग्र आंदोलन भी करेंगे।
आक्रोश व्यक्त करने वालों में प्रमुख रूप से व्यापारी नेता और पार्षद अनिरुद्ध भाटी, हरिद्वार शहर अध्यक्ष कमल बृजवासी, हरिद्वार शहर महामंत्री प्रदीप कालरा, राजीव पाराशर, प्रदेश सचिव विजय शर्मा, पार्षद विनीत जोली, युवा व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष संदीप शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष संजय गोयल, जिला संयुक्त महामंत्री राजेश पुरी, ज्वालापुर व्यापार मंडल अध्यक्ष विपिन गुप्ता, महामंत्री विक्की तनेजा, कनखल व्यापार मंडल के अध्यक्ष विक्की शर्मा, शिवालिक व्यापार मंडल के अध्यक्ष धर्मेंद्र विश्नोई, युवा व्यापार मंडल शहर महामंत्री विक्की आडवाणी, बूढ़ी माता व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय शर्मा, संरक्षक अर्पित अग्रवाल, बहादराबाद व्यापार मंडल के संरक्षक अनिल शीर्शवाल, डा०सोनीसिंह, संजय गुप्ता लक्सर रोड से राजेश वालिया, पहाड़ी बाजार व्यापार मंडल अध्यक्ष और अभिषेक शर्मा आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे

